सिरसा गेट से निकलेगी कांग्रेस की बाइक रैली, चरोदा मंगल भवन में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, दीपक बैज और भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
भिलाई, आगामी नगर पालिक निगम चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती को लेकर शुक्रवार 27 नवंबर को भिलाई-चरोदा एवं जामुल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन चरोदा स्थित मंगल भवन में होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता बाइक रैली के माध्यम से पहुंचेंगे। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं का दोपहर 12 बजे सिरसा गेट चौक, भिलाई-3 में स्वागत किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-चरोदा एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामुल के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा की जाएगी। दोनों ब्लॉकों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष एवं भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
सिरसा गेट से मंगल भवन तक निकलेगी बाइक रैली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्यकर्ताओं को दोपहर 12 बजे सिरसा गेट चौक पहुंचने का आग्रह किया गया है। यहां स्वागत के बाद बाइक रैली सर्विस लेन के रास्ते चरोदा मंगल भवन के लिए रवाना होगी। आयोजकों ने रैली में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-चरोदा के अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामुल के अध्यक्ष कमलेश साहू ने कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया है।
Link : https://shricgnewscreator.com/major-congress-convention-to-be-held-in-bhilai-charoda-tomorrow-prominent-state-level-leaders-will-participate/








