परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से यूपीआई, फोन-पे, क्रेडिट और डेबिट कार्ड से कर सकेंगे भुगतान, फर्जी लिंक और वेबसाइट से बचने की अपील
दुर्ग, वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने और उसका ऑनलाइन भुगतान करने की प्रक्रिया साझा की है। अब वाहन चालक घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से अपने वाहन पर दर्ज ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और यूपीआई, फोन-पे, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के जरिए जुर्माने की राशि जमा कर सकते हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, ई-चालान का भुगतान करने के लिए वाहन चालकों को परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.in पर जाना होगा। वेबसाइट खुलने के बाद Pay Challan विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद वाहन (Vehicle) का विकल्प चुनकर निर्धारित स्थान पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। स्क्रीन पर दिखाई देने वाले कैप्चा कोड को भरकर Get Detail पर क्लिक करने से वाहन पर दर्ज चालानों की जानकारी सामने आ जाएगी। इसमें चालान नंबर, चालान जारी करने वाला विभाग, तारीख और जुर्माने की राशि की जानकारी मिलेगी।
भुगतान करने के लिए संबंधित चालान के सामने दिए गए चेक बॉक्स पर क्लिक कर Pay Now विकल्प चुनना होगा। इसके बाद पेमेंट गेटवे में उपलब्ध विकल्प के अनुसार Direct Payment पर क्लिक करना होगा। नियम एवं शर्तों को स्वीकार कर Submit करने के बाद भुगतान के लिए यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के विकल्प मिलेंगे। यूपीआई से भुगतान करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर फोन-पे, गूगल-पे अथवा अन्य यूपीआई एप का उपयोग किया जा सकता है।
भुगतान के बाद रसीद सुरक्षित रखना जरूरी
सफलतापूर्वक भुगतान होने पर स्क्रीन पर Successfully Received का संदेश दिखाई देगा। इसमें चालान नंबर, वाहन नंबर और भुगतान से संबंधित विवरण उपलब्ध रहेगा। इसके बाद पेज को नीचे स्क्रॉल कर Generate/Print Receipt विकल्प पर क्लिक करके भुगतान की रसीद डाउनलोड की जा सकती है। वाहन चालकों को भविष्य में जरूरत पड़ने पर उपयोग के लिए रसीद अथवा उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
फर्जी लिंक से रहें सावधान
यातायात पुलिस दुर्ग ने ऑनलाइन भुगतान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ई-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी अन्य वेबसाइट पर भुगतान न करें। व्हाट्सएप संदेश, फर्जी लिंक, अनजान कॉल अथवा संदिग्ध मैसेज में भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी स्थिति में अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा न करें।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से समय-समय पर अपने वाहनों के ई-चालान की स्थिति जांचने और लंबित चालानों का निर्धारित समय पर भुगतान करने की अपील की है। साथ ही भुगतान के बाद उसकी रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/you-can-now-pay-your-vehicles-e-challan-from-the-comfort-of-your-home-the-traffic-police-have-outlined-the-online-payment-process/








