प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, देश को टीबी मुक्त बनाने का लिया संकल्प
भिलाई-3। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल के साथ इस माह सेवानिवृत्त होने जा रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेंकट राव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के बीईटीओ एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने बताया कि गत वर्ष संस्था ने निर्णय लिया था कि संस्था का जो भी कर्मचारी सेवानिवृत्त होगा, उसे स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनाया जाएगा। साथ ही संस्था प्रभारी के साथ ध्वजारोहण करने का अवसर भी दिया जाएगा। इसी निर्णय के तहत इस वर्ष सेवानिवृत्त होने जा रहे वेंकट राव को मुख्य अतिथि बनाया गया।

इस अवसर पर संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने कहा कि देश को आजादी हमारे पूर्वजों ने अपने बलिदान, समर्पण और त्याग से दिलाई है। स्वतंत्रता की इस विरासत को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने इस वर्ष देश को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में सभी से मिलकर योगदान देने की अपील की।
सैय्यद असलम ने स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न वर्गों, धर्मों और समुदायों के लोगों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने रेशमी रूमाल आंदोलन, दांडी यात्रा, सत्याग्रह आंदोलन, जलियांवाला बाग कांड और भारत छोड़ो आंदोलन सहित स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख घटनाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान को स्मरण करते हुए हमें अहिंसा के मार्ग पर चलना, आपसी भाईचारा कायम रखना और देश की उन्नति एवं विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वेंकट राव, संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल, डॉ. रवि शंकर सत्यार्थी, डॉ. अर्पिता शर्मा, डॉ. नितिन कश्यप, योग चिकित्सक अर्चना मिश्रा, फार्मासिस्ट स्मिता बागड़े, आयुष विभाग के फार्मासिस्ट विनय निर्मलकर, लैब टेक्नीशियन आलिया खातून, एलएचवी आर. विश्वास, ड्रेसर समीर राते, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक यशवंत साहू, देवेंद्र राजपूत, उषा वर्मा, खिलांक साहू, मीरा साहू, हिमांशु सूर्यवंशी, नारायण साहू, भुवन निर्मलकर, गीतांजलि सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/retired-employee-venkat-rao-hoisted-the-flag-on-independence-day/








