राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अभिषेक बोरकर ने उठाए श्रमिकों के मुद्दे

Editor
By Editor 2 Min Read

नई दिल्ली में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस की बैठक में हुए शामिल, सामाजिक सुरक्षा और उचित मजदूरी पर दिया जोर

नई दिल्ली, 2 नवंबर, नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर शामिल हुए। बैठक में देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं, रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा हुई।

बैठक में अभिषेक बोरकर ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में श्रमिक उचित पारिश्रमिक, स्थायी रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से वंचित हैं। उन्होंने श्रमिकों का पारदर्शी पंजीयन, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, पेंशन और बच्चों की शिक्षा जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने संगठन को राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला, ब्लॉक और औद्योगिक क्षेत्रों तक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को केवल बैठकों तक सीमित न रखकर संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाना चाहिए।

बोरकर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े श्रमिक को उसका अधिकार, सम्मान और न्याय दिलाना होना चाहिए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में संगठन की गतिविधियों को सभी जिलों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में विस्तार दिया जाएगा तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़ा जाएगा।

बैठक में उपस्थित राष्ट्रीय नेतृत्व एवं विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारियों ने भी श्रमिक हितों को लेकर अपने सुझाव रखे। बोरकर ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प जताया।

Link : https://shricgnewscreator.com/abhishek-borkar-raised-issues-concerning-workers-at-the-national-executive-meeting/

Share This Article