जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में ब्लॉक व मंडल स्तर पर प्रदर्शन, पारदर्शी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग; पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने विद्युत समस्या के समाधान का भी कराया प्रयास
भिलाई, अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं और चोरी के आरोपों को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के नेतृत्व में भिलाई-3, जामुल सहित विभिन्न ब्लॉक और मंडल स्तरों पर विरोध-प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

भिलाई-3 राम मंदिर परिसर और जामुल क्षेत्र में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावा आस्था का विषय है। ऐसे मामलों में यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या गड़बड़ी की शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाना आवश्यक है। प्रदर्शनकारियों ने इस संबंध में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे, जिला महामंत्री एवं प्रभारी जामगांव (आर) ब्लॉक पाटन राम सूर्यवंशी, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, पार्षद ललित दुर्गा, एम. जॉनी, शिव कुमार यादव, विक्रम मारकंडे, पप्पू चंद्राकर, टेनेंद्र ठाकरे, मोहन साहू, श्रीकांत वर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के निराकरण की पहल कराई, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में भी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। पार्टी भविष्य में भी जनहित के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/congress-protests-over-the-ayodhya-ram-mandir-offering-issue-protest-marches-held-in-bhilai-3-and-jamul/







