भिलाई की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी ई-बसें, पहली बस का ट्रायल शुरू

Editor
By Editor 2 Min Read

50 बसों के संचालन को मंजूरी, पहले चरण में चलेंगी 20 बसें; कलेक्टर और निगम आयुक्त ने ली जानकारी

भिलाई, शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इसके लिए बुधवार को नगर निगम भिलाई को ट्रायल के लिए पहली ई-बस उपलब्ध कराई गई। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बस में सफर कर संचालन व्यवस्था का परीक्षण किया।

छत्तीसगढ़ शासन ने नगर निगम भिलाई को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की मंजूरी दी है। पहले चरण में 20 बसें चलाने की तैयारी है। इसके लिए निगम प्रशासन ने विभिन्न मार्गों का रूट चार्ट भी तैयार कर लिया है।

ट्रायल के दौरान बस ने नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल, शंकराचार्य अस्पताल, धमधा रोड, दुर्ग रेलवे स्टेशन, दुर्ग बस स्टैंड, ठगड़ा बांध और पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई तक सफर किया। कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने दुर्ग बस स्टैंड पहुंचकर प्रधानमंत्री ई-बस सेवा की संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।

वीडियो

ई-बस सेवा शुरू होने से दुर्ग, भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रदूषण कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। ट्रायल पूरा होने के बाद निर्धारित रूट पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

Link : https://shricgnewscreator.com/e-buses-will-soon-ply-the-roads-of-bhilai-trial-of-the-first-bus-has-begun/

Share This Article