म्यूल अकाउंट गैंग का भंडाफोड़, करोड़ों के साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा

Editor
By Editor 3 Min Read

सुपेला ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर की कार्रवाई, कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश

भिलाई, साइबर और आर्थिक अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस की सुपेला थाना एवं एसीसीयू टीम ने म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराकर साइबर अपराधियों को सहयोग करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड मनोज कुमार भुतड़ा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 3 फिनो पेमेंट किट, 3 आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 से अवैध रूप से बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर एवं आर्थिक अपराधियों को बेचने का काम कर रहे थे। आरोपियों ने अब तक करीब 200 से अधिक म्यूल अकाउंट विभिन्न लोगों और फर्जी माध्यमों से खुलवाकर अपराधियों को उपलब्ध कराए हैं। इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है।

पुलिस को 24 मई 2026 को सूचना मिली थी कि जगदलपुर निवासी मनोज कुमार भुतड़ा अपने साथियों के साथ भिलाई में म्यूल अकाउंट से संबंधित सामग्री खपाने आने वाला है। सूचना के आधार पर सुपेला पुलिस और एसीसीयू टीम ने पांच रास्ता हनुमान मंदिर सुपेला ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ में मास्टरमाइंड मनोज कुमार भुतड़ा ने खुलासा किया कि वह साधारण बैंक खाते 15 से 20 हजार रुपये तथा करंट अकाउंट 40 से 50 हजार रुपये में आर्थिक अपराधियों को बेचता था। आरोपी खाते खुलवाने के लिए आवश्यक न्यूनतम बैंक बैलेंस की राशि भी स्वयं उपलब्ध कराता था और बाद में रकम वापस निकाल लेता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बड़े ट्रांजेक्शन वाले खातों को बैंक में होल्ड करवाकर बाद में अपने संपर्कों के जरिए होल्ड हटवाता और रकम आहरित कर लेता था। पुलिस को संदेह है कि आरोपी की कुछ बैंक कर्मियों तक भी पहुंच थी। गिरोह ने इंडसइंड बैंक, आईडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक सहित कई बैंकों में खाते खुलवाए थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क बालोद, गुण्डरदेही, दुर्ग, जगदलपुर समेत अन्य क्षेत्रों में फैला हुआ था। आरोपी अन्य राज्यों में भी बैंक खाते खुलवाने का काम करते थे। गाजियाबाद, सूरत, रायपुर और जगदलपुर पुलिस भी इनकी तलाश कर रही थी।

गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार भुतड़ा पिता भंवर लाल (33 वर्ष) निवासी ग्राम बिरेतरा चौकी हल्दी जिला बालोद, केवल सेठिया पिता तुलाराम सेठिया (26 वर्ष) निवासी ग्राम केसलुर जिला बस्तर तथा सत्यनारायण सेठिया पिता श्रीनाथ सेठिया (26 वर्ष) निवासी मांझीगुड़ा थाना दरभा जिला बस्तर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 718/2026 के तहत धारा 317(2), 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर रवाना की गई हैं।

Share This Article