खेरधा में प्रस्तावित CNG प्लांट का ग्रामीणों ने किया विरोध

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग, ग्राम पंचायत खेरधा में प्रस्तावित बायो गैस (सीएनजी) प्लांट के निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद प्रशासन की ओर से समन्वय बनाने की मंशा से भिलाई चरौदा नगर निगम कार्यालय में शनिवार को बैठक आयोजित की गई इसमें ग्रामीणों के अलावा भिलाई नगर निगम की आयुक्त संबंधित विभाग के अधिकारी एवं एसडीएम शामिल हुए। ग्रामीणों की ओर से स्पष्ट किया गया कि गांव में एकमात्र चारागाह की जमीन है ऐसे में इस जमीन को वे प्लांट बनाने के लिए नहीं दे सकते हैं।

बैठक के बाद ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम भिलाई के कचरा निस्तारण के लिए खेरधा की लगभग 17.40 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे गांव के पशुपालकों, किसानों और आम नागरिकों के हित प्रभावित होंगे।

बताया गया कि 17 जुलाई 2026 को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण कार्य के लिए भूमि की सफाई कराई गई, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि वर्षों से चारागाह के रूप में उपयोग में है और गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के पशुओं के लिए यही एकमात्र सुरक्षित चराई स्थल बचा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजस्व अभिलेखों में भूमि को चरागाह के रूप में दर्ज होने के बावजूद उस पर सीएनजी प्लांट बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे लगभग 12 हजार से अधिक पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो जाएगा।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित प्लांट मुख्य मार्ग से लगा हुआ है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को दुर्गंध और प्रदूषण का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि प्लांट से निकलने वाली गैस और अपशिष्ट का असर आसपास के पर्यावरण एवं लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।

वीडियो

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित सीएनजी प्लांट का निर्माण तत्काल रोका जाए और इसे किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि गांव की चारागाह भूमि सुरक्षित रह सके और ग्रामीणों की आजीविका व पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Link : https://shricgnewscreator.com/villagers-opposed-the-proposed-cng-plant-in-kherdha/

Share This Article