शाहीन बाग में बकरी बेचने वाले और जनगणना कर्मी बनकर पहुंची क्राइम ब्रांच, 15 दिन की रेकी के बाद दबोचा गया अन्तर्राजीय चोर गिरोह का सरगना
भिलाई, नेहरू नगर में हुई एक करोड़ रुपये की हाईप्रोफाइल चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। अन्तर्राजीय चोर गिरोह के सरगना नासिर हुसैन को दिल्ली के शाहीन बाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी क्राइम के नेतृत्व में टीम ने करीब 15 दिनों तक दिल्ली में डेरा डालकर लगातार निगरानी और गुप्त अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए बेहद फिल्मी अंदाज में ऑपरेशन चलाया। शाहीन बाग इलाके में क्राइम ब्रांच के जवान कभी बकरी बेचने वाले तो कभी जनगणना कर्मी बनकर घूमते रहे, ताकि गिरोह के सदस्यों को भनक न लगे। लंबे समय तक रेकी और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने नासिर हुसैन की गतिविधियों को ट्रैक किया और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करता रहा। पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगभग 300 किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोचा। आरोपी के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नकद, डायमंड के ब्रेसलेट, प्लेटिनम और सोने के जेवर समेत करीब 20 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में उपयोग की गई कार भी जब्त की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम देता था। चोरी करने के बाद गिरोह तुरंत राज्य छोड़ देता था, जिससे स्थानीय पुलिस के लिए उन्हें ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था। भिलाई के नेहरू नगर इलाके में हुई एक करोड़ रुपये की चोरी के बाद भी आरोपी राज्य से फरार हो गए थे।
इस मामले में दुर्ग पुलिस पहले ही गिरोह के दो अन्य सदस्यों को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस सरगना नासिर हुसैन तक पहुंची। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के वर्षों की सबसे बड़ी और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशनों में से एक माना जा रहा है। लगातार राज्यों में दबिश, तकनीकी इनपुट और गुप्त निगरानी के जरिए पुलिस ने इस अन्तर्राजीय गिरोह की कमर तोड़ने में सफलता हासिल की है।




