जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ सहित तीन रिश्वत लेते गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

20 लाख की पंचायत राशि जारी करने के एवज में मांगी थी दो लाख की कमीशन, एंटी करप्शन ब्यूरो की ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी

सक्ती,  जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ, बाबू और भृत्य को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि पंचायत विकास कार्यों के लिए स्वीकृत राशि का चेक जारी करने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। ट्रैप कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को एक लाख रुपये की शेष रिश्वत राशि लेते पकड़ा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लिमतरा निवासी अरुण भारद्वाज ने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी माता ग्राम पंचायत लिमतरा की सरपंच हैं। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत पंचायत में निर्मल घाट, नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। इसमें से आठ लाख रुपये का चेक पहले ही जारी हो चुका था, जबकि शेष 12 लाख रुपये की राशि जारी होना बाकी थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी माता द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्हें अधिकृत किया गया था। जब वे शेष राशि का चेक जारी कराने जनपद पंचायत सक्ती पहुंचे तो सीईओ निखिल कश्यप और बाबू अविनाश ठाकुर ने चेक जारी करने के एवज में दो लाख रुपये कमीशन की मांग की।

प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसके बाद उसने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़वाने की योजना बनाई। शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी बाबू अविनाश ठाकुर ने कार्यालय के भृत्य लच्छन भानू के माध्यम से पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये पहले ही ले लिए थे।

सोमवार 15 जून 2026 को एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान शिकायतकर्ता से दूसरी किश्त के रूप में शेष एक लाख रुपये लेते समय जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ निखिल कश्यप, बाबू अविनाश ठाकुर और भृत्य लच्छन भानू को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद जनपद पंचायत कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Share This Article