ऑपरेशन विश्वास के तहत सुपेला पुलिस की कार्रवाई, 17.280 बल्क लीटर शराब और 480 रुपये नकद जब्त
भिलाई, अवैध मदिरा की बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फरीद नगर स्थित लाल मैदान की झाड़ियों के पास से आरोपी के कब्जे से 96 पाव देशी शराब बरामद की है। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 480 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत 10,080 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरीद नगर के लाल मैदान की झाड़ियों के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमेश ध्रुव (34), निवासी डेरा बस्ती, फरीद नगर, सुपेला बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में रखी सफेद रंग की बोरी की तलाशी ली, जिसमें देशी शेरा मसाला मदिरा के 96 पाव मिले। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी। इस तरह कुल 17.280 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 9,600 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से शराब बिक्री से प्राप्त 480 रुपये नकद भी जब्त किए। इस प्रकार कुल 10,080 रुपये की जप्ती की गई। मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1215/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
झाड़ियों के पास बोरी में रखकर बेच रहा था शराब
पुलिस के मुताबिक आरोपी देशी शराब को बोरी में रखकर फरीद नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान के समीप ग्राहकों को अवैध रूप से बेच रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को शराब सहित पकड़ लिया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला एसएन सिंह, सउनि अजय शंकर अविनासी, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक गंभीर जाट और सुरेंद्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध शराब की सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन अथवा बिक्री से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को यथासंभव गोपनीय रखा जाएगा। अवैध मदिरा और अन्य कानून-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/illegal-liquor-sale-busted-in-farid-nagar-accused-arrested-with-96-pouches-of-country-made-liquor/













