भिलाई रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज की उठी मांग

Editor
By Editor 3 Min Read

रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति की पहली बैठक में यात्री सुविधाओं और स्टेशन की समस्याओं पर हुई चर्चा

भिलाई, भिलाई जंक्शन रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति की प्रथम बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में भिलाई रेलवे स्टेशन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और यात्रियों को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार के साथ ही प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज दिए जाने की मांग रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी।

बैठक में सदस्यों ने कहा कि भिलाई एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है और यहां से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन रेल यात्रा करते हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का भिलाई स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को अन्य स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़ने की परेशानी होती है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज भिलाई जंक्शन पर दिए जाने की आवश्यकता है।

स्टेशन की समस्याओं पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान भिलाई रेलवे स्टेशन की वर्तमान व्यवस्थाओं और यात्रियों से जुड़ी समस्याओं की ओर रेलवे अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया। समिति सदस्यों ने स्टेशन पर सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने की बात कही।

रेलवे अधिकारियों ने समिति के सदस्यों द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों को सुना तथा आवश्यक स्तर पर उन्हें आगे रखने की बात कही।

हर तीन-चार माह में होगी बैठक

बैठक में यह भी तय किया गया कि स्टेशन से संबंधित समस्याओं और यात्री सुविधाओं की नियमित समीक्षा के लिए स्टेशन सलाहकार समिति की बैठक भविष्य में प्रत्येक तीन से चार माह के अंतराल में आयोजित की जाएगी। इससे स्टेशन की समस्याओं को समय-समय पर रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखा जा सकेगा और उनके निराकरण की दिशा में पहल की जा सकेगी।

बैठक में भिलाई रेलवे स्टेशन प्रबंधक लखवीर सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक जीतेन्द्र प्रसाद सहित स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य अब्दुल सत्तार, अनिल जेठानी, बेनर्जी महानन्द, सुब्रत दास गुप्ता और महिला सदस्य मति प्रेमलता चंद्राकर उपस्थित थीं।

Link : https://shricgnewscreator.com/demand-raised-for-express-train-stoppages-at-bhilai-railway-station/

Share This Article