सुशासन तिहार शिविर में कलेक्टर ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, हितग्राहियों को सौंपे एचपीवी वैक्सीनेशन ई-सर्टिफिकेट

Editor
By Editor 2 Min Read

मंगल भवन में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने आभा आईडी और मच्छरदानी वितरण के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

भिलाई, भिलाई-3 चरोदा अंतर्गत मंगल भवन में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पहुंचकर एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की जानकारी ली तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में वैक्सीन लगवा चुकी हितग्राहियों को अपने हाथों से ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए।

स्वास्थ्य विभाग से बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि कलेक्टर ने उपस्थित बालिकाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी सहेलियों एवं कक्षा में साथ पढ़ने वाली अन्य छात्राओं को भी एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करें, ताकि 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी अधिक से अधिक बालिकाएं इस वैक्सीन का लाभ उठा सकें। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से भी एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में व्यापक जागरूकता फैलाने की अपील की।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 27 नए लोगों के आभा आईडी (यूनिक हेल्थ कार्ड) भी बनाए गए। प्रदेशभर में प्रत्येक नागरिक का आभा हेल्थ कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

इसके अलावा बीपीएल परिवारों की शिशुवती एवं गर्भवती महिलाओं को निशुल्क मच्छरदानियों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मच्छरदानी के उपयोग से मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों से बचाव संभव है।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, दिलीप पटेल, वार्ड पार्षद फिरोज फारूखी,  प्रेमलता चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महेश सिंह राजपूत, नगर निगम चरोदा आयुक्त डीएस राजपूत सहित स्वास्थ्य विभाग के बीईटीओ सैय्यद असलम, आरएमए  प्रज्ञा कुशवाहा, एलएचवी  आर. विश्वास, सीपीएम विवेक मिंज, फार्मासिस्ट तृप्ति चंद्राकर, निवेश प्रधान भूपेंद्र सिन्हा,  उषा वर्मा, पी. स्वामी, हेमलता निर्मलकर, थानेश्वरी साहू, हिमांशु सूर्यवंशी, नेतराम साहू एवं पारूल देशमुख सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article