अचानक बदले मौसम के बीच मैदान में खेल के दौरान हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; परिवार का इकलौता बेटा था
भिलाई, शहर के पुरैना स्थित स्टोर पारा मैदान में बुधवार शाम क्रिकेट खेल रहे एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना देकर युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान शक्ति बिश्नोई (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज धूप के बीच बादल छाने लगे और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान शक्ति बिश्नोई अपने दोस्तों के साथ स्टोर पारा पुरैना स्थित मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेल के दौरान अचानक तेज गाज उसके सीने के पास आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर मैदान में गिर पड़ा।
हादसे के बाद मैदान में मौजूद साथी घबरा गए और तत्काल मदद के लिए दौड़े। डायल 112 की टीम की सहायता से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय शक्ति के पास मोबाइल फोन भी था। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शक्ति की असमय मौत से उसके दोस्तों और परिचितों में भी गहरा दुख है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शाम के समय दुर्ग-भिलाई सहित जिले के कई इलाकों में मौसम बदला और कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ तेज बिजली कड़कने की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने मौसम खराब होने के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं रहने की अपील की है।


