शुभम की स्मृति में सजी साहित्यिक महफिल, कवि सम्मेलन- मुशायरे में गूंजे कविता और ग़ज़ल के स्वर

Editor
By Editor 3 Min Read

शुभम मैमोरियल समिति के आयोजन में देशभर के कवि-शायर हुए शामिल, वार्षिक पत्रिका का विमोचन और साहित्यकारों का सम्मान भी हुआ

भिलाई/बरेली, शुभम मैमोरियल साहित्यिक सामाजिक जनकल्याण समिति की ओर से स्मृति शेष शुभम की जयंती के अवसर पर कवि सम्मेलन, मुशायरा एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन खुश लोक अस्पताल के खुशहाली सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देश के मशहूर शायर विनय सागर जायसवाल ने की। समारोह में साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के भाई एवं अधिवक्ता अनिल कुमार सक्सेना रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कवि रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ तथा रामपुर के वरिष्ठ कवि शिव कुमार चंदन उपस्थित रहे।

समिति की अध्यक्ष सत्यवती सिंह ‘सत्या’ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शुभम की स्मृतियों को जीवंत रखने और साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना का प्रसार करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस आयोजन का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे की वंदना से हुआ, जिसकी प्रस्तुति स्वयं सत्यवती सिंह ‘सत्या’ ने दी।

मशहूर संचालक एवं शायर राज शुक्ल ‘ग़ज़लराज’ ने प्रभावशाली संचालन से पूरे आयोजन को रोचक बनाए रखा। कार्यक्रम में रायबरेली के कवि शिवनाथ सिंह ‘शिव’ तथा गाज़ियाबाद की कवयित्री किरण सिंह को साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संस्था की वार्षिक साहित्यिक पत्रिका का भी विमोचन किया गया। पत्रिका में बरेली सहित विभिन्न शहरों के कवियों और शायरों की रचनाओं को स्थान दिया गया है, जिसे साहित्य प्रेमियों ने सराहा।

कवि सम्मेलन और मुशायरे में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 30 से अधिक कवि एवं शायरों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ किया। देशभक्ति, प्रेम, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और हास्य-व्यंग्य से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कविता और ग़ज़लों की गूंज से पूरा सभागार साहित्यिक रंग में रंग गया तथा श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ रचनाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के अंत में संस्था अध्यक्ष सत्यवती सिंह ‘सत्या’ ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी में संवेदनाओं का संचार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Link : https://shricgnewscreator.com/a-literary-gathering-held-in-memory-of-shubham-voices-of-poetry-and-ghazals-resonated-at-the-kavi-sammelan-and-mushaira/

Share This Article