ठाणे में ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग के दो पैनल का पर्दाफाश, 10 गिरफ्तार

Editor
By Editor 5 Min Read

म्यूल बैंक खातों की जांच से दुर्ग पुलिस पहुंची ठाणे, किराए के फ्लैट से 31 मोबाइल और चार लैपटॉप जब्त

भिलाई, म्यूल बैंक खातों के जरिए किए जा रहे संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच करते हुए दुर्ग पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे में संचालित ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना वैशाली नगर और एसीसीयू, दुर्ग की संयुक्त टीम ने ठाणे स्थित एक किराए के फ्लैट में दबिश देकर दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन कर रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप सहित बड़ी संख्या में डिजिटल एवं बैंकिंग उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, वैशाली नगर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 370/2026 की विवेचना के दौरान संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को ऐसे इनपुट मिले, जिनसे दुर्ग-भिलाई और धमतरी क्षेत्र के कुछ युवकों के महाराष्ट्र के ठाणे में रहकर ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनल संचालित करने की जानकारी सामने आई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठाणे पहुंची टीम

जानकारी का सत्यापन करने के बाद दुर्ग पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठाणे क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस टीम जब किराए के फ्लैट में पहुंची तो वहां 10 व्यक्ति दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन करते पाए गए। पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन पैनलों के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल कर सट्टा गतिविधियों से संबंधित राशि का बड़े पैमाने पर लेन-देन किया जा रहा था। पुलिस को करोड़ों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से संबंधित विवरण भी मिलने की जानकारी दी गई है। हालांकि, वास्तविक लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े खातों की पूरी जानकारी डिजिटल फॉरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होगी।

शिफ्ट में चलाते थे सट्टा पैनल

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा पैनलों का संचालन शिफ्ट के आधार पर करते थे। अलग-अलग समय पर पैनल चलाने के साथ ऑनलाइन माध्यम से आपसी समन्वय किया जाता था। दैनिक लेन-देन और अन्य गतिविधियों का हिसाब-किताब भी डिजिटल माध्यम से रखने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल उपकरणों का तकनीकी परीक्षण करा रही है। डिजिटल फॉरेंसिक जांच के जरिए सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।

ये सामान हुआ जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने चार लैपटॉप, 31 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, दो बैंक पासबुक और एक वाई-फाई/इंटरनेट उपकरण जब्त किया है। इसके अलावा पेन ड्राइव, पावर बैंक, चार्जर, विभिन्न केबल, नकदी राशि तथा अन्य डिजिटल और तकनीकी सामग्री भी बरामद की गई है।

वीडियो

10 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में विष्णु तिवारी (19), अंकित निषाद (23), नितेश कुमार (24), नरेश कन्हाई (24), दीपक कश्यप (27), मेहुल निषाद (23), हर्ष वर्धन निषाद (19), संतोष राम (28), भुवन लाल देवांगन (28) और चेतन ध्रुव (27) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भिलाई, धमतरी, बोरी, कांकेर और बिहार के निवासी शामिल हैं।

म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड, यूपीआई अथवा अन्य बैंकिंग साधन किसी दूसरे व्यक्ति को उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। पुलिस ने चेताया है कि कमीशन या आर्थिक लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराना गंभीर कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग या किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है। जब्त डिजिटल उपकरणों और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Link : https://shricgnewscreator.com/two-online-betting-panels-busted-in-thane-10-arrested/

Share This Article