नवरात्रि में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कसी कमर, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार के निर्देश

Editor
By Editor 3 Min Read

धार्मिक स्थलों और बाजारों में अतिरिक्त बल व चेकिंग पॉइंट लगाने पर जोर, नाबालिग वाहन चालकों और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती

दुर्ग, नवरात्रि पर्व और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को यातायात मुख्यालय नेहरू नगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में यातायात विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें पर्व के दौरान धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल और चेकिंग प्वाइंट तैनात करने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में प्रभावी नियंत्रण और निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

दुर्घटना संभावित स्थानों का होगा चिन्हांकन

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में बार-बार दुर्घटना होने वाले स्थानों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए। ऐसे स्थानों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने को कहा गया। यातायात व्यवस्था में आ रही कमियों को दूर कर सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

समीक्षा बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतने को कहा गया।

इसके अलावा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, ओवरलोडिंग करने और वाहनों में ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर

पुलिस अधिकारियों को केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षित वाहन चालन, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के उपयोग के साथ नशे में वाहन नहीं चलाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि और आगामी त्योहारी सीजन के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। शराब पीकर अथवा तेज गति से वाहन न चलाएं और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Link : https://shricgnewscreator.com/police-gear-up-for-traffic-management-during-navratri-directives-issued-to-improve-accident-prone-areas/

Share This Article