अग्रवाल समाज की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 500 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा, बंपर हाउजी में बांटे गए सोने-चांदी के सिक्के सहित अनेक पुरस्कार
भिलाई, अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल सेवा समिति, अग्रवाल महिला समिति एवं अग्रवाल युवा मंच न्यू खुर्सीपार की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में थापा-मंडाना, बुके बनाओ सहित बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में समाज की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
थापा-मंडाना प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक कला का प्रदर्शन करते हुए लड़के की शादी का थापा-मड़िया तैयार किया। प्रतियोगिता में श्रुति अग्रवाल (अतुल ) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजलि योगेश द्वितीय स्थान पर रहीं।
इसी तरह सूखे खड़े मसालों से बुके बनाओ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें श्रुति अतुल ने प्रथम, अंजलि योगेश ने द्वितीय तथा प्राची अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मसालों का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक बुके तैयार किए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं के लिए चम्मच दौड़, घूमने चलो सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में 500 से अधिक महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम स्थल पर उल्लास का माहौल रहा।
बंपर हाउजी में जीते सोने-चांदी के सिक्के
अग्रसेन जयंती समारोह के तहत 7 अक्टूबर को अग्रसेन भवन, नया खुर्सीपार में नवकार ज्वैलर्स रायपुर के सहयोग से बंपर हाउजी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। हाउजी के दौरान विभिन्न राउंड में विजेताओं को सोने-चांदी के सिक्कों सहित अनेक आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
बंपर हाउजी में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और खेल का जमकर आनंद उठाया। आयोजकों ने बताया कि अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाज को एकजुट करने और महिलाओं व बच्चों को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समारोह में आगे भी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/women-showcased-their-skills-in-thapa-mandana-and-bouquet-making-competitions-on-agrasen-jayanti/













