गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय, जिला और ब्लॉक गठन पर भी हुई चर्चा
दुर्ग ग्रामीण, असंगठित कामगार व कर्मचारी कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण द्वारा शनिवार 23 मई को मनरेगा बचाव संग्राम अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर के निर्देशानुसार आयोजित हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रति लोगों को जागरूक करने और अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से असंगठित कामगार व कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश सचिव राम सूर्यवंशी, जिलाध्यक्ष राहुल वर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मनरेगा योजना के महत्व, ग्रामीण मजदूरों को मिलने वाले अधिकारों तथा रोजगार सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है और इसके प्रति आम लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। इसके लिए संगठन द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को मनरेगा के लाभ, नियमों और अधिकारों की जानकारी दें।
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन गठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूती देने और मनरेगा बचाव संग्राम अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



