सीआईएसएफ की सतर्कता से पकड़े गए आरोपी, 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त
भिलाई, भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में एक अपचारी बालक को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 96 हजार 100 रुपये बताई गई है। चोरी में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थीं। दोनों मामलों में आरोपियों द्वारा भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास किया गया था। एक मामले में 60 किलो और दूसरे मामले में 40 किलो केबल चोरी कर मोटरसाइकिल से ले जाने के दौरान सुरक्षा बल ने आरोपियों को पकड़ लिया।
गठरी बनाकर ले जा रहे थे केबल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्लांट परिसर में प्रवेश करने के बाद स्क्रैब कॉपर केबल को एकत्रित कर उसकी गठरी तैयार करते थे। इसके बाद मोटरसाइकिल के माध्यम से इसे प्लांट परिसर से बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान सुरक्षा बल की नजर उन पर पड़ी और उन्हें पकड़ लिया गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों प्रकरणों में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर कुल 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 96,100 रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BP 5037, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है, को भी जब्त किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, बालक पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने मामले में दुर्गेश जोशी (18), निवासी स्टेशन मरोदा यादव पारा बस्ती-21, अजय सोनवाने (18), निवासी स्टेशन मरोदा बजरंग पारा, जोसेफ बाघ (32), निवासी बाघ पारा जोरातराई उतई तथा हितेष कुमार देशमुख (24), निवासी खप्पड़वाड़ा, जिला बालोद को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अपचारी बालक को भी निरुद्ध कर किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
चारों आरोपियों को 30 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
1.06 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल, कीमत 96,100 रुपये और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कीमत 10 हजार रुपये जब्त की है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1,06,100 रुपये है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक दिलीपेश्वर चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, किशोर पॉल तथा आरक्षक बालेन्द्र द्विवेदी और अमित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से औद्योगिक एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/attempted-cable-theft-at-bhilai-steel-plant-four-accused-arrested/













