106 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात से बदलेगी भिलाई-चरोदा की तस्वीर

Editor
By Editor 2 Min Read

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 11 कार्यों का किया लोकार्पण, 70 कार्यों का भूमिपूजन; 57 करोड़ की लागत से बना ट्रांसपोर्ट नगर जनता को समर्पित

भिलाई,  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र को 106.31 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान 65.16 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 11 कार्यों का लोकार्पण और 41.14 करोड़ रुपये के 70 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी सौगात 57.11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ट्रांसपोर्ट नगर रहा, जिसे मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित किया। इसके शुरू होने से व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा परिवहन व्यवसाय को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने वार्ड-22 चरोदा भाठापारा खेल मैदान, वार्ड-14 नेहरू नगर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के ऑडिटोरियम और विद्यालय के अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा हथखोज बांधा, शीतला तालाब चरोदा, डबरापारा, जरवाय, दादर और सिरसाभाठा के ठाकुर तालाब से जुड़े विकास कार्य जनता को समर्पित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिलाई-चरोदा का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। ट्रांसपोर्ट नगर, शिक्षा, खेल, सड़क और तालाबों के विकास से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक विकास का लाभ पहुंचे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसपी विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

Link : https://shricgnewscreator.com/development-projects-worth-%e2%82%b9106-crore-to-transform-the-face-of-bhilai-charoda/

Share This Article