ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग, अग्निशमन दल ने पाया काबू

Editor
By Editor 2 Min Read

सुपेला के राधिका नगर क्षेत्र में हुई घटना, समय रहते आग बुझने से टली बड़ी दुर्घटना

भिलाई,  सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत राधिका नगर स्थित एक कबाड़ी दुकान में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते दुकान में रखे कबाड़ को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक राधिका नगर स्थित  परमानन्द चंदेल की कबाड़ी दुकान के पास लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जिससे दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कबाड़ी सामग्री में भीषण आग लगी हुई है और ऊंची लपटें उठ रही हैं। इसके बाद टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

वीडियो

अग्निशमन विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के स्थानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी  नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में राहत एवं बचाव कार्य किया गया। इस दौरान अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव सहित कर्मचारी रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीषम, टिकेंद्र और जितेंद्र ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और बड़ी घटना होने से बचा लिया।

Share This Article