जामुल क्षेत्र में नहर में मिली अज्ञात युवक की लाश, इलाके में सनसनी

Editor
By Editor 2 Min Read

चेहरे पर चोट के निशान, शिनाख्त नहीं; फॉरेंसिक टीम ने किया मुआयना, पुलिस जांच जारी

भिलाई,  गुरुवार, जामुल थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब नहर में एक अज्ञात युवक की लाश मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया और जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उसके चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस  टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के थानों में मृतक की पहचान के लिए शव की तस्वीरें भेज दी हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस मामले को हर एंगल से जांच रही है—यह हत्या है, दुर्घटना या आत्महत्या, इस पर अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share This Article