पुरैना स्टोर पारा में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी

Editor
By Editor 5 Min Read

एक दिन पहले हुई थी बेरहमी से पिटाई, दो संदेही हिरासत में

शिकायत लेकर थाने पहुंचा था मृतक, कार्रवाई नहीं होने पर लोगों में आक्रोश

भिलाई, भिलाई-3 के समीप पुरैना स्थित स्टोर पारा में 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान नसरू सोना पिता गंगाराम सोना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले मोहल्ले के चार से पांच युवकों ने उसकी जमकर पिटाई की थी। परिजनों और स्थानीय लोगों को आशंका है कि अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हुई है।

घटना जीआरपी भिलाई थाना क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह नसरू अपने घर में बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर राजेश कुमार और अनिल उर्फ छोटू को हिरासत में ले जाते समय स्थानीय लोगों से विरोध का सामना करना पड़ा । पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दो से तीन अन्य युवक फरार बताए जा रहे हैं।

मृतक मजदूरी का काम करता था और अपने पिता व एक भांजे के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि 19 मई को मोहल्ले के कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी। घटना के बाद से ही वह घायल अवस्था में था। अगले ही दिन उसकी मौत हो जाने से पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

युवक की मौत की खबर फैलते ही स्टोर पारा में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा जीआरपी थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि  यदि समय रहते पुलिस शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करती, तो युवक की जान बच सकती थी।

बाइट – एस एन अख्तर
उप पुलिस अधीक्षक, रेल

शिकायत लेकर थाने पहुंचा था नसरू

पुलिस पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार 20 मई को नसरू अपने कुछ साथियों के साथ जीआरपी थाने पहुंचा था। उसने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन थाने में मौजूद स्टाफ ने मौके पर आकर जांच करने की बात कहकर उसे वापस भेज दिया।

इसके बाद गुरुवार सुबह उसकी मौत की खबर सामने आने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्टोर पारा पहुंचे पुलिस दल को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख जीआरपी ने आनन-फानन में दो संदेहियों को हिरासत में लिया। बाद में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी भिलाई-3 स्टेशन के पास स्थित जीआरपी थाने पहुंच गए और कार्रवाई में देरी को लेकर नाराजगी जताई।

नशे के अवैध कारोबार पर फिर उठे सवाल

शराब, गांजा और जुआ-सट्टा से बिगड़ रहा माहौल

पुरैना क्षेत्र रिसाली नगर निगम के अंतर्गत आता है और डाक बंगला पारा, एनएसपीसीएल तथा स्टोर पारा वार्डों में विभाजित है। रेलवे क्षेत्र होने के कारण स्टोर पारा जीआरपी थाना क्षेत्र में आता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से शराब और गांजा का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। आसानी से नशे का सामान उपलब्ध होने के कारण युवा इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। नशे की वजह से आए दिन विवाद, मारपीट और गुटीय संघर्ष की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

लोगों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियां भी लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। नसरू की मौत के बाद एक बार फिर इलाके में कानून व्यवस्था और अवैध कारोबार पर नियंत्रण को लेकर जीआरपी की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।

Share This Article