रायपुर एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में हादसा, मरम्मत कार्य के दौरान मजदूर की मौत

Editor
By Editor 1 Min Read

रायपुर, राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को एक दुखद हादसा हो गया। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया के प्रथम तल पर मरम्मत एवं फॉल्स सीलिंग सुधार कार्य के दौरान विद्युत संविदा कर्मी कुबेर चंद्र साहू अचानक नीचे गिर गए।

जानकारी के अनुसार मजदूर करीब 30 फीट से अधिक ऊंचाई पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक गर्मी के कारण उन्हें चक्कर एवं बेहोशी महसूस हुई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे वेटिंग हॉल में गिर पड़े। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ एवं सुरक्षा कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायल कर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एयरपोर्ट प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को दे दी है। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, वहीं एयरपोर्ट प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

Share This Article