कम कीमत पर सोलर पैनल और इंस्टॉलेशन का दिया था झांसा, ऑनलाइन बैंकिंग से कंपनी के खाते में जमा कराई थी रकम
भिलाई, सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने मुंबई से आरोपी विवेक मिश्रा (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने स्वयं को मुंबई की सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताकर सस्ते दर पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया था। उनके झांसे में आकर प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक महिंद्रा बैंक के खातों से आईएमपीएस एवं आरटीजीएस के माध्यम से कंपनी के खाते में कुल 34 लाख रुपये जमा करा दिए। बाद में आरोपियों ने धोखाधड़ी कर दी।
शिकायत पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। विवेक मिश्रा मुंबई के बांगुर नगर थाने में दर्ज एक अन्य मामले में पहले से गिरफ्तार होकर सेंट्रल जेल में बंद था। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे दुर्ग लाया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह और आरक्षक राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से ऑनलाइन लेन-देन से पहले कंपनी एवं बैंक खातों का सत्यापन करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने कहा है।
Link : https://shricgnewscreator.com/rs-34-lakh-fraud-in-the-name-of-solar-panels-accused-arrested-from-mumbai/








