विधायक निधि से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 को मिला वातानुकूलित औषधि भंडार कक्ष

Editor
By Editor 3 Min Read

विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने सौंपा एसी, दवाओं एवं वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण में मिलेगी सुविधा

भिलाई, डोमन लाल कोर्सेवाडा की विधायक निधि से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में औषधि भंडार कक्ष के लिए वातानुकूलित (एसी) सुविधा उपलब्ध कराई गई। विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एसी संस्था प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को सौंपा।

चरोदा भिलाई-3 शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि कुछ समय पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने अस्पताल की आवश्यक जरूरतों एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली थी। तब संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने औषधियों और वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव के लिए वातानुकूलित औषधि भंडार कक्ष की आवश्यकता बताई थी।

इसके बाद विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने इस विषय पर अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा से चर्चा की। जनहित एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विधायक ने तत्काल एसी उपलब्ध कराने पर सहमति दी। इसके तहत बुधवार को स्वास्थ्य केंद्र में एसी सौंपा गया।

बीईटीओ सैय्यद असलम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा अस्पतालों में इस प्रकार सहयोग करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपकरण, दवाएं एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होती हैं और समाज में दान एवं सहयोग की भावना भी विकसित होती है।

विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने कहा कि अस्पताल में मरीजों एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जो भी आवश्यक सामग्री होगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

औषधीय भंडारण प्रभारी स्मिता बागड़े ने बताया कि विभिन्न औषधियों एवं वैक्सीन को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखने के लिए वातानुकूलित कक्ष अत्यंत आवश्यक होता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले महापौर निर्मल कौशरे द्वारा भी इस कक्ष के लिए एक एसी दान किया गया था, लेकिन भंडारण कक्ष का विस्तार होने के कारण अतिरिक्त एसी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने विधायक एवं विधायक प्रतिनिधि के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि रवि नाहर, संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल, बीईटीओ सैय्यद असलम, आरएमए प्रज्ञा कुशवाहा, एलएचवी आर. विश्वास, तृप्ति चंद्राकर, आलिया खातून, हर्षा मानिकपुरी, मनोरमा बंछोर, पारूल देशमुख, मीरा साहू, चम्पा कली सोनी, नेतराम साहू एवं राहुल यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Share This Article