सरस्वती सायकल योजना से बेटियों के सपनों को मिले पंख, शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत – प्रेम लाल साहू

Editor
By Editor 4 Min Read

भिलाई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गनियारी में छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमीं की 22 छात्राओं को निःशुल्क सायकलों का वितरण गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रेम लाल साहू (प्रवक्ता, भाजपा जिला भिलाई), अध्यक्षता  राज कुमार साहू (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति), अतिविशिष्ट अतिथि  निर्मल कोसरे (महापौर, नगर पालिक निगम भिलाई–चरोदा) तथा विशिष्ट अतिथि  सीता साहू (पूर्व अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद भिलाई–चरोदा) उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि  प्रेम लाल साहू ने कहा कि सरस्वती सायकल योजना केवल सायकल देने की योजना नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, शिक्षा और सशक्तिकरण की यात्रा को गति देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी केवल अपने परिवार का ही नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का भविष्य संवारती है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए पूरे समर्पण के साथ प्रयास करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज सायकल प्राप्त करने वाली छात्राएं भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए  राज कुमार साहू ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए । उन्होंने छात्राओं को साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने तथा नियमित विद्यालय आने का आह्वान किया।

अति विशिष्ट अतिथि महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना किसी भी समाज के विकास की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सरस्वती साइकिल योजना से ग्रामीण क्षेत्र की छात्रों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई निरंतर जारी रहेगी और विद्यालय छोड़ने की संभावना भी कम होगी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आज आपके हाथ में केवल साइकिल नहीं बल्कि आपके उज्जवल भविष्य की एक नई शुरुआत है इस अवसर का पूरा लाभ उठाइए नियमित अध्ययन कीजिए अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान कीजिए तथा अपने जीवन में ऐसे लक्ष्य निर्धारित कीजिए जिन पर आपका परिवार विद्यालय और समाज गर्व कर सके।

पूर्व नपाध्यक्ष सीता साहू ने छात्रों को शुभकामना देते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार और अनुशासन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है उन्होंने छात्रों से आत्मनिर्भर बने अपने सपनों को साकार करने तथा समाज को प्रेरणा बने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार को शिक्षित और जागरूक बनती है । उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा की कठिनाइयों से घबराने की बजाय उन्हें सफलता की सीढ़ी बनाएं तथा आत्मविश्वास, परिश्रम और संस्कार के बल पर आगे बढ़े।

विद्यालय के प्राचार्य आर के घोष ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों को शुभकामना देते हुए 22 साइकिल के वितरण में सहयोग प्रदान किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन साहू सर ने किया। इस अवसर पर बिसंभर साहू, बिसौहा राम वर्मा, यतींद्र वर्मा सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं, छात्र एवं छात्राएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक गण उपस्थित थे।

Share This Article