रायपुर में जुटेंगे भारत सहित पांच देशों के वैज्ञानिक और शिक्षाविद
रायपुर, द आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर के सहयोग से “इंटेलिजेंट सिस्टम्स एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़ फॉर स्मार्ट सिटीज, हेल्थकेयर एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट (ICISET-2026)” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 12 एवं 13 जून 2026 को हाइब्रिड मोड में किया जा रहा है। इस सम्मेलन को एडवांस्ड फ्यूचर टेक लैब्स, यूनाइटेड किंगडम का सह-प्रायोजन प्राप्त है।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र का आयोजन 12 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजीव प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में तथा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) वडोदरा के निदेशक प्रो. (डॉ.) धर्मेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे।
वहीं सम्मेलन के समापन एवं वैलेडिक्टरी सत्र का आयोजन 13 जून 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें प्रो. (डॉ.) देवेन्द्र पाठक, प्रोफेसर एमेरिटस, फोर इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली मुख्य अतिथि के रूप में तथा डॉ. मनवेन्द्र के. त्रिपाठी, एसोसिएट डीन (रिसर्च एंड कंसल्टेंसी), एनआईटी रायपुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दोनों सत्रों की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शिव दयाल पाण्डेय करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य देश-विदेश के प्रतिष्ठित शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, उद्योग विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं तथा विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी परिवर्तन तथा सतत विकास से जुड़े नवीन अनुसंधानों एवं उभरती प्रौद्योगिकियों पर विचार-विमर्श कर सकें।
यह सम्मेलन कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), डीप लर्निंग, न्यूरल नेटवर्क्स, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, सतत प्रौद्योगिकी, इंडस्ट्री 4.0, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग तथा डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे समकालीन एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ज्ञान-विनिमय और शोध सहयोग को बढ़ावा देगा।
द आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, रायपुर के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन सहयोगी कोपाल पब्लिशिंग ग्रुप का अकादमिक एवं प्रकाशन सहयोग प्राप्त है। सम्मेलन में प्रस्तुत एवं चयनित शोध-पत्रों को प्रकाशकों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित पुस्तकों एवं सम्मेलन कार्यवृत्त (Conference Proceedings) में प्रकाशित किए जाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
सम्मेलन में कुल आठ प्रमुख विषयगत ट्रैक शामिल किए गए हैं, जिनमें इंटेलिजेंट सिस्टम्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट सिटीज एवं अर्बन इनोवेशन, हेल्थकेयर टेक्नोलॉजीज एवं
बायोइन्फॉर्मेटिक्स, सतत विकास एवं ग्रीन टेक्नोलॉजीज, इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज एवं इनोवेशन, साइबर सिक्योरिटी एवं डेटा प्राइवेसी, इंडस्ट्री 4.0 एवं स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग तथा अंतःविषय एवं सामाजिक प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
सम्मेलन में भारत एवं विदेशों के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों एवं वक्ताओं की सहभागिता रहेगी। सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया, संयुक्त राज्य अमेरिका, वियतनाम तथा यूनाइटेड किंगडम सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ-साथ आईआईटी, एनआईटी तथा अन्य अग्रणी विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवीनतम विकास पर अपने विचार साझा करेंगे।
द आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, रायपुर के कुलपति प्रो. (डॉ.) शिव दयाल पाण्डेय के दूरदर्शी नेतृत्व में विश्वविद्यालय शोध एवं नवाचार की संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्यरत है। यह सम्मेलन विश्वविद्यालय की अनुसंधान उत्कृष्टता, नवाचार एवं समाजोपयोगी तकनीकी समाधानों के प्रति प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है।
विश्वविद्यालय द्वारा शोधकर्ताओं, शिक्षकों, उद्योग विशेषज्ञों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता करने तथा भविष्य की स्मार्ट एवं सतत तकनीकों के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया है।






