साप्ताहिक अवकाश पर दोस्तों के साथ नहाने गया था, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; भिलाई के इंडियन कॉफी हाउस में करता था नौकरी
दुर्ग, 08 जून 2026, दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में स्थित शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक मूल रूप से केरल का निवासी था और भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद उसके परिजनों और सहकर्मियों में शोक की लहर है।
नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेंहर ने बताया कि मृतक की पहचान 24 वर्षीय आशिन ओएस के रूप में हुई है, जो केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला था। वह रोजगार के सिलसिले में भिलाई में रहकर सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में नौकरी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार रविवार को उसका साप्ताहिक अवकाश था। छुट्टी होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी पहुंचा था। आशिन को तैरना आता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके अन्य साथी किनारे पर ही मौजूद रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान आशिन नदी के उस हिस्से में पहुंच गया जहां पानी काफी गहरा था। गहराई का सही अनुमान नहीं लगने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गहरे पानी में डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने तत्काल डायल-112 और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तथा एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसकी जान बचाने के लिए सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि आशिन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के माध्यम से केरल भेजने की तैयारी की गई, जहां उसके गृह नगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा अपरिचित और गहरे जलक्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।






