स्वावलंबी योग द्वारा पुलिस जवानों के लिए योग एवं स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यक्रम आयोजित

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, आज प्रथम बटालियन के परिसर में पुलिस जवानों के लिए विशेष योग एवं स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम “स्वावलंबी योग” के तत्वावधान में योग मास्टर आनंद सिंह एवं टीम सोनू यादव, लिकेशवर साहू भूमिका पाण्डे वंदना साहू एवं प्रियंका अग्रवाल द्वारा संचालित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित एवं तनावमुक्त बनाना था। वर्तमान समय में पुलिस विभाग लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करता है, जिसके कारण मानसिक तनाव, अनियमित दिनचर्या एवं शारीरिक थकान जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए योग, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया।

योग मास्टर आनंद सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने वाली शक्ति नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और विश्वास का आधार है। ऐसे में जवानों का मानसिक रूप से शांत, संयमित और सकारात्मक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नियमित योग एवं ध्यान से तनाव नियंत्रण, एकाग्रता, धैर्य और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी शांतचित्त होकर बेहतर कार्य कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विशेष रूप से स्ट्रेस मैनेजमेंट, श्वास नियंत्रण, मानसिक संतुलन, शरीर की लचीलापन बढ़ाने तथा सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने पर जोर दिया गया। जवानों ने भी योग अभ्यास को उपयोगी बताते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में प्रथम बटालियन के अधिकारियों ने स्वावलंबी योग टीम एवं योग मास्टर आनंद सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पुलिस बल के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। प्रमुख रूप से डिप्टी कमांडेंट मिता पवार उपस्थित थे !

Share This Article