6 से 12 जून तक चलाया जाएगा सघन जनजागरण अभियान, विभिन्न रेलवे फाटकों और स्टेशनों पर 650 से अधिक लोगों को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी
रायपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर 6 जून से 12 जून 2026 तक विशेष समपार फाटक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को रेलवे फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।
अभियान के प्रथम दिवस 6 जून को संरक्षा अधिकारियों, संरक्षा सलाहकारों, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स तथा स्काउट-गाइड के सहयोग से रायपुर मंडल के विभिन्न समपार फाटकों और रेलवे स्टेशनों पर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान खमतराई फाटक (समपार फाटक-417), उरकुरा पश्चिम फाटक (समपार फाटक-415), धरसीवा गेट (समपार फाटक-405), तारसर गेट (समपार फाटक-406), तिल्दा पश्चिम गेट (समपार फाटक-398), पौबारा गेट (समपार फाटक-डीडी-15), रिसामा यार्ड गेट (समपार फाटक-डीडी-19) तथा रिगनी गेट (समपार फाटक-डीडी-33) सहित कई प्रमुख स्थानों पर लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।

इसके अलावा तिल्दा, सिलियरी, पौवारा, रिसामा, गुंडरदेही एवं बिल्हा रेलवे स्टेशनों तथा आसपास के बाजार क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान यात्रियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को पाम्पलेट वितरित किए गए, समपार फाटकों के आसपास सुरक्षा संबंधी स्टीकर लगाए गए तथा बैनरों के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेश प्रदर्शित किए गए।

संरक्षा विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि फाटक बंद होने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें और फाटक खुलने तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें। साथ ही रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतने, संकेतों का पालन करने तथा रेल परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी जोखिमपूर्ण व्यवहार से बचने की सलाह दी गई। अभियान के पहले दिन लगभग 650 लोगों की काउंसिलिंग कर उन्हें समपार फाटक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रेलवे प्रशासन द्वारा बताया गया कि अभियान के दौरान रायपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ऑडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से भी यात्रियों और आम नागरिकों को लगातार सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इन संदेशों में समपार फाटक पर रुकने, संकेत मिलने के बाद ही आगे बढ़ने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर संरक्षा सलाहकारों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों तथा संरक्षा विभाग के कर्मचारियों ने माइक, स्लोगन और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से राहगीरों को जागरूक किया। लोगों को सलाह दी गई कि समपार फाटक के निकट वाहन की गति कम रखें, सिग्नल हरा होने पर ही आगे बढ़ें, फाटक बंद होने पर जल्दबाजी न करें तथा फाटक पार करते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि समपार फाटकों पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। रायपुर मंडल का यह जागरूकता अभियान आगामी 12 जून तक विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा।






