भिलाई-3 के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी की टक्कर; चार की मौके पर मौत, घायल बालक एम्स रायपुर रेफर, चालक हिरासत में
भिलाई, भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे ट्रैक्टर क्रमांक CG 07 NA 0930 के पीछे स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 के जा टकराने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को हिरासत में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमृत निर्मलकर (28) अपने परिवार के साथ स्कूटी से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। जब वे भिलाई-3 क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी तेज रफ्तार में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), सात वर्षीय यासना और चार वर्षीय डाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं आठ वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल बालक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर लाया गया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग पर किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या आवश्यक सुरक्षा संकेत लगाए गए थे। दुर्घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/horrific-road-accident-in-bhilai-four-members-of-the-same-family-killed-eight-year-old-boy-critically-injured/







