शिवमहापुराण कथा स्थल पर संदिग्ध रूप से घूम रहीं 7 महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

Editor
By Editor 3 Min Read

पूछताछ में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने थाना लाकर की कार्रवाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी

भिलाई, जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में चल रही शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध रूप से घूम रहीं सात महिलाओं को चिन्हित कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस सभी सात महिलाओं को थाना भिलाई नगर लेकर आई और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान 17 अगस्त को कथा पंडाल में महिलाओं का एक समूह संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने महिलाओं को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सातों महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाया गया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तथा पहचान संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।

अपराध की पुष्टि नहीं, एहतियात के तौर पर कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही महिलाओं को किसी अपराध में आरोपी बनाया गया है। कार्रवाई का उद्देश्य कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

पुलिस के मुताबिक कथा स्थल पर भीड़ को देखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध पाए जाने पर पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इन सात महिलाओं पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई रीवा (मध्यप्रदेश) निवासी रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22), गीता देवी (37) तथा गोरखपुर (उत्तरप्रदेश) निवासी संगीता (25) और नैना (20) के विरुद्ध की गई है।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की सामग्री जब्त नहीं की गई है।

श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने शिवमहापुराण कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल, नगदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान के साथ बच्चों पर भी विशेष नजर रखें।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से कहा है कि कथा स्थल पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/restrictive-action-taken-against-seven-women-found-loitering-suspiciously-at-the-shiv-mahapuran-recital-venue/

Share This Article