14 जुलाई को होने वाले दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों पर की चर्चा, भाजपा पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
भिलाई/दुर्ग, मध्यप्रदेश के मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता फग्गन सिंह कुलस्ते शनिवार को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवाणी गायिका, पद्म विभूषण से सम्मानित स्व. डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम स्थित निवास पहुंचे। उन्होंने स्व. तीजन बाई के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को इस असहनीय दुख की घड़ी में धैर्य रखने का संबल दिया।
कुलस्ते ने कहा कि स्व. डॉ. तीजन बाई केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर थीं। उन्होंने अपनी विशिष्ट पंडवाणी शैली, सशक्त प्रस्तुति और लोक परंपराओं के संरक्षण के माध्यम से भारतीय लोककला को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी नई पहचान दिलाई। उनका निधन कला एवं संस्कृति जगत के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस दौरान उन्होंने 14 जुलाई को आयोजित होने वाले दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी भी ली। परिजनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धांजलि समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित और स्व. तीजन बाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के अनुरूप आयोजित किया जाए, ताकि प्रदेश सहित देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (एनजीओ प्रकोष्ठ) तरुण परगनिहा, भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेमलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. डॉ. तीजन बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके लोककला और संस्कृति के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।
उल्लेखनीय है कि स्व. डॉ. तीजन बाई ने पंडवाणी की पारंपरिक शैली को वैश्विक पहचान दिलाते हुए छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति का गौरव विश्व पटल पर स्थापित किया। उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्म विभूषण सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया। उनके निधन से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को गहरा आघात पहुंचा है। उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को सदा जीवंत बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
Link: https://shricgnewscreator.com/former-union-minister-faggan-singh-kulaste-visited-the-residence-of-the-late-dr-tijan-bai-to-pay-tribute-and-expressed-his-condolences-to-the-family-members/






