लेबर विभाग से हस्तक्षेप की मांग, जामुल के घासीदास नगर पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, कंपनी पर परिवार के साथ अन्याय का आरोप
भिलाई, सिस्टम इंडिया कंपनी में कार्यरत कर्मचारी शिव कुमार सोनी की कार्य के दौरान हुई मृत्यु के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है। 9 जुलाई 2026 को केकेसी के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर के निर्देश पर संगठन के पदाधिकारी जामुल के घासीदास नगर स्थित मृतक के निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पदाधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा मृतक के परिवार के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में श्रम (लेबर) विभाग से भी संपर्क कर मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार न्याय एवं उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में केकेसी के प्रदेश सचिव एवं जिला महामंत्री तथा प्रभारी राम सूर्यवंशी, दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा, प्रेम कुमार मिश्रा, ऋषभ तिवारी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा संगठन की प्राथमिकता है और यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आगे भी वैधानिक स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
Link: https://shricgnewscreator.com/kkc-office-bearers-met-the-aggrieved-family-following-the-death-of-an-employee-at-system-india-company-and-assured-them-of-securing-justice/






