विश्व जनसंख्या दिवस पर भिलाई-3 में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने दिया छोटे परिवार का संदेश

Editor
By Editor 3 Min Read

निबंध, पोस्टर एवं संगोष्ठी प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता रैली निकाली गई, 11 से 18 जुलाई तक परिवार नियोजन सेवाएं रहेंगी निःशुल्क

भिलाई-3, विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के अंतर्गत कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बढ़ती जनसंख्या के दुष्प्रभावों, परिवार नियोजन तथा छोटे परिवार के महत्व पर विद्यार्थियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी दी। अंत में जनजागरूकता रैली निकालकर आम नागरिकों को परिवार नियोजन अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य  निशा जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद फिरोज फारूखी, श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रितीका साहू, गीता वर्मा तथा बीईटीओ सैय्यद असलम उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता तथा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बढ़ती जनसंख्या से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, पर्यावरण और संसाधनों पर पड़ने वाले दबाव को अपने विचारों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। पोस्टर प्रतियोगिता में परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी आकर्षक चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से दी गई।

बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 11 से 18 जुलाई तक मनाया जाएगा। इस अवधि में पुरुष नसबंदी एवं महिला नसबंदी की निःशुल्क सुविधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन, जामगांव (झीठ), जिला अस्पताल दुर्ग, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध रहेगी। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र दंपतियों से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

मुख्य अतिथि सतीश साहू ने कहा कि लगातार बढ़ती जनसंख्या के कारण रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास तथा आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि “छोटा परिवार, सुखी परिवार” की अवधारणा को अपनाकर परिवार के साथ-साथ समाज और देश के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर निबंध, पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके पश्चात स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यार्थियों द्वारा जनजागरूकता रैली निकालकर परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर  आर. विश्वास,  रूपाली, शमीम बानो, देवेंद्र राजपूत, राहुल यादव, निवेश प्रधान, हिमांशु सूर्यवंशी, दुर्गा कंवर, नारायण साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वीडियो

Link : https://shricgnewscreator.com/population-stabilization-fortnight-launched-in-bhilai-3-on-world-population-day-students-conveyed-the-message-of-a-small-family/

Share This Article