दुर्ग यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नो पार्किंग उल्लंघन पर 58 वाहनों के कटे ई-चालान

Editor
By Editor 3 Min Read

सुपेला संडे मार्केट में सड़क घेरकर व्यवसाय करने वाले ठेला संचालकों को हटाया गया, वर्ष 2026 में अब तक 2529 वाहनों पर नो पार्किंग कार्रवाई

भिलाई,  सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार 10 मई 2026 को सुपेला संडे मार्केट, इंदिरा मार्केट और सिविक सेंटर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सुपेला संडे मार्केट क्षेत्र में सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से ठेला एवं दुकान लगाकर यातायात बाधित करने वाले संचालकों को हटाया गया। यातायात पुलिस ने ठेला संचालकों को सड़क खाली कराकर रोड किनारे उपलब्ध स्थानों पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में गत रात्रि इंदिरा मार्केट एवं सिविक सेंटर क्षेत्र में नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन कर सफेद लाइन के बाहर वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने वाले कुल 58 दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों पर नो पार्किंग धाराओं के तहत ई-चालान जारी किया गया। यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 2529 वाहन चालकों पर नो पार्किंग की कार्रवाई की जा चुकी है।

यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण जाम एवं दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न होती है। इन्हीं समस्याओं पर नियंत्रण पाने के लिए शहर में लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों एवं ड्यूटी में तैनात जवानों की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा सड़क पर अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित वाहन पार्किंग से बचें, ताकि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article