प्रथम बटालियन मैदान में गरिमामय ढंग से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के स्वजन हुए सम्मानित
दुर्ग, दुर्ग जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। मुख्य समारोह प्रथम बटालियन मैदान भिलाई में आयोजित किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद जवानों के स्वजन को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक रंग बिखेरा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को भी मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समारोह स्थल पहुंचने के बाद ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के बाद उन्होंने कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
परेड दल की ओर से हर्ष फायर किया गया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री साव ने परेड की सलामी ली और विभिन्न प्लाटून के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह स्थल पर उत्साह और उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।
विभिन्न बलों की टुकड़ियों ने किया मार्चपास्ट

परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, जिला पुलिस बल की तीन प्लाटून, नगर सेना, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर बालक-बालिका तथा रेडक्रास की टुकड़ियों ने भाग लिया। अनुशासन और कदमताल के साथ जवानों एवं विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
मार्चपास्ट में एनसीसी सीनियर बालक ने प्रथम, एनसीसी सीनियर बालिका ने द्वितीय तथा रेडक्रास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परेड प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष को प्रथम, सीमा सुरक्षा बल को द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला को तृतीय स्थान मिला।
विद्यार्थियों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और पारंपरिक गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा, सेजेस खम्हरिया, डीपीएस रिसाली, श्री शंकरा विद्यालय भिलाई और विज्ञान विकास केंद्र दुर्ग के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विज्ञान विकास केंद्र दुर्ग ने प्रथम, डीपीएस रिसाली ने द्वितीय और सेजेस खम्हरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। मास पीटी प्रदर्शन के लिए श्री शंकरा विद्यालय भिलाई को सम्मानित किया गया।
पाइप बैंड की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान पाइप बैंड द्वारा दी गई प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बैंड की देशभक्ति धुनों ने पूरे वातावरण को उत्साह और राष्ट्रप्रेम से भर दिया। पाइप बैंड का नेतृत्व हितेश साहू और बैंड का नेतृत्व सुनील कुमार ने किया।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
समारोह में जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद जवानों के स्वजन का सम्मान कर उनके त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
परेड संचालन में इनकी रही भूमिका
परेड कमांडर एवं टू-आईसी तथा विभिन्न प्लाटून कमांडरों में नीलकंठ वर्मा, अविनाश कुमार, नरेश सैनी, भूपेंद्र सोनवानी, पुष्पराज सिंह, रमाशंकर भारती, रिसिका धनंजय, रोशनी प्रधान, जावेन्ती ध्रुव, अजय कुमार, मनतशा परवीन, लोकेश्वर प्रसाद सिन्हा, कल्पना साहू और वंदना श्रीवास्तव ने जिम्मेदारी संभाली।
परेड की निर्णायक समिति में उप सेनानी संतोष झारिया, कंपनी कमांडर पीयूष शुक्ला और कंपनी कमांडर जमुना प्रसाद रजक शामिल रहे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, महापौर अलका बाघमार, अपर कलेक्टर योगिता बंजारे, अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम उत्तम ध्रुव, लवकेश ध्रुव तथा नगर निगम दुर्ग के प्रभारी आयुक्त मोहेन्द्र साहू सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड की अधिकारी डॉ. अनीता सावंत, विज्ञान विकास केंद्र की उर्मिला ओझा और एनसीसी अधिकारी ममता ध्रुव ने किया। पूरे समारोह के दौरान प्रथम बटालियन मैदान देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
Link : https://shricgnewscreator.com/deputy-chief-minister-arun-sao-hoisted-the-tricolour-and-took-the-salute-at-the-parade-in-durg/








