कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन, भिलाई के सभी 8 खिलाड़ियों ने जीते पदक
भिलाई। कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 से अधिक पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में भिलाई से शामिल हुए सभी आठ खिलाड़ियों ने पदक जीतकर न केवल शहर बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
ऑल इंडिया ओपन स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप में देशभर से 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबलों के बीच भिलाई के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग और स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

छत्तीसगढ़ में रोलर स्केटिंग को नई पहचान दिलाने वाले वरिष्ठ कोच और प्रतियोगिता में ऑफिशियल की भूमिका निभाने वाले दलजीत सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों और चोटों के बावजूद हार नहीं मानी। लगातार अभ्यास और समर्पण का ही परिणाम है कि सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए वे पिछले दो महीनों से नियमित रूप से कड़ी मेहनत कर रहे थे। सुबह चार बजे से रोड रेस का अभ्यास शुरू होता था, जिसके बाद दो घंटे तक रिंग में तकनीकी प्रशिक्षण लिया जाता था। इसी अनुशासित दिनचर्या और कोचिंग के कारण उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफलता मिली।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पदक जीतने वाले स्केटर्स ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, अभिभावकों और साथियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
खेल प्रेमियों और स्केटिंग से जुड़े लोगों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। भिलाई के स्केटर्स की इस सफलता ने प्रदेश में रोलर स्केटिंग के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की प्रतिभा को एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर साबित कर दिया है।






