पूर्व मुख्यमंत्री ने कुशलक्षेम पूछ शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
भिलाई, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हैदराबाद प्रवास के दौरान भिलाई चरौदा निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने सभापति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
जानकारी के अनुसार, विगत दिनों अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण सभापति कृष्णा चंद्राकर को रायपुर के रामकृष्ण केयर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की सलाह पर आगे के उपचार के लिए उन्हें हैदराबाद ले जाया गया, जहां वर्तमान में उनका उपचार जारी है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुलाकात के दौरान उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली तथा परिवारजनों और चिकित्सकों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कृष्णा चंद्राकर लंबे समय से सामाजिक और जनसेवा के कार्यों से जुड़े रहे हैं तथा सभी की शुभकामनाएं उनके साथ हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी सभापति कृष्णा चंद्राकर के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय होने की उम्मीद जताई। उनके स्वास्थ्य को लेकर शुभचिंतकों एवं समर्थकों द्वारा लगातार कुशलक्षेम पूछी जा रही है ।



