गांधी नगर स्थित श्री शिवजी जय जगन्नाथ मंदिर से निकली रथयात्रा, छेरा पहरा की परंपरा निभाई गई; भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के जयकारों से गूंजा पूरा शहर
भिलाई, गांधी नगर स्थित श्री शिवजी जय जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस वर्ष मंदिर में रथयात्रा आयोजन का 45वां वर्ष रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र स्वामी और देवी सुभद्रा के दर्शन तथा रथ खींचने के लिए शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवान के जयकारों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

रथयात्रा से पूर्व मंदिर में वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। पंडित जयशंकर दाश ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए, जिसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा देवी को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया। परंपरा के अनुसार ‘छेरा पहरा’ की रस्म मंदिर के संचालक राम मंगल देवांगन एवं उनके परिवार ने निभाई।

दोपहर 3 बजे गांधी नगर से प्रारंभ हुई रथयात्रा राम मंदिर, शांति नगर, इंदिरा पारा, बाजार चौक, जीई रोड, आजाद चौक और गैलेक्सी चौक से होकर गांधी नगर स्थित मौसी गुंडीचा देवी मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ यात्रा का समापन हुआ। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान का रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रथयात्रा से पूर्व दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई। आयोजन में शिव मंगल देवांगन, गुलाब बाई देवांगन, दिनेश देवांगन, सरिता देवांगन, राजेश देवांगन, हेमलता देवांगन, मंगल राम, धीरज लोहे, नितिन रमनौवरे, लावेश मदनकर, डे साहब वर्मा सहित देवांगन परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।

भिलाई-3 और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गांधी नगर से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा वर्षों से आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र रही है। मंदिर के संचालक शिव मंगल देवांगन ने रथयात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को धन्यवाद दिया।
Link : https://shricgnewscreator.com/grand-rath-yatra-of-lord-jagannath-concludes-in-bhilai-3-thousands-of-devotees-pull-the-chariot-of-faith-in-its-45th-year/








