तन-मन का संतुलन ही वास्तविक योग : श्रीनिवास राव

Editor
By Editor 2 Min Read

दक्षिण वसुंधरानगर में सात दिवसीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर जारी, योगाभ्यास के साथ स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

भिलाई, युग निर्माण योजना शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशन में पतंजलि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा समिति दुर्ग तथा गायत्री शक्तिपीठ खुर्सीपार के संयुक्त तत्वावधान में दक्षिण वसुंधरानगर भिलाई-3 स्थित पुराने गार्डन में सात दिवसीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मोहल्ला निवासियों के सहयोग से आयोजित इस शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।

शिविर के चौथे दिन कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री शक्तिपीठ की वरिष्ठ सदस्या रत्ना वर्मा द्वारा वेदमाता गायत्री एवं पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा धूप-दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर आयोजकों द्वारा रत्ना वर्मा को स्मृति पट्टिका भेंटकर सम्मानित किया गया।

योगाचार्य श्रीनिवास राव ने कहा कि स्वस्थ मन ही अच्छे शारीरिक स्वास्थ्य की आधारशिला है। व्यक्ति यदि अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक सोच, उत्साह और अनुशासन बनाए रखे तो वह अनेक बीमारियों से दूर रह सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तन और मन के संतुलन का माध्यम है।

शिविर में प्रतिभागियों को ताड़ासन, भुजंगासन, शशकासन, मकरासन, वृक्षासन एवं भद्रासन सहित विभिन्न योगासन का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, यम-नियम एवं षट्क्रियाओं के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। योगाचार्य ने प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में लक्ष्मण देवांगन, महेंद्र वर्मा, साधना वर्मा, अनीश चंद्राकर, लक्ष्मी चंद्राकर, रामकुमार वर्मा, सियाराम यादव, सुनंदा नासरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article