सफाई मित्रों का सम्मान, नगर निगम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को दिया पारितोषिक

Editor
By Editor 2 Min Read

पंचशील नगर पश्चिम चरौदा के सामुदायिक भवन में हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों ने सफाई कर्मचारियों के योगदान को सराहा

भिलाई, नगर निगम भिलाई-चरौदा की ओर से बुधवार को सफाई कर्मचारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सफाई-मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक भवन पंचशील नगर पश्चिम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में सफाई कार्य में योगदान देने वाले कर्मचारियों को परितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका पर चर्चा की गई। अतिथियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने में सफाई मित्रों का महत्वपूर्ण योगदान है। वे नियमित रूप से अपने कार्यों का निर्वहन करते हुए सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई में जुटे रहते हैं।

कार्यक्रम में उपनेता प्रतिपक्ष चंद्रप्रकाश पांडे, पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता  एवम  निशा राजेश यादव अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों में भी उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में प्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले कर्मचारियों के कार्यों को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

नगर निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि नागरिकों और सफाई मित्रों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना चाहिए।

Link : https://shricgnewscreator.com/honouring-sanitation-workers-municipal-corporation-awards-employees-for-outstanding-performance/

Share This Article