लिफ्ट देने के बाद गला दबाकर एक्टिवा, मोबाइल और नकदी लूटी, आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

पेशाब करने के बहाने सिलोदा पुल के पास रुकवाई गाड़ी, विरोध करने पर प्रार्थी को झाड़ियों में धकेलकर ले गया वाहन; लूटा गया सामान बरामद

दुर्ग, पुलगांव थाना क्षेत्र के अंजोरा चौकी अंतर्गत ग्राम सिलोदा पुल के पास लिफ्ट लेने के बाद एक व्यक्ति से मारपीट कर दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजय निषाद उर्फ पप्पू (26) निवासी गंजपारा, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब 18 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मनघटा, सोमनी, राजनांदगांव निवासी दीप कुमार साहू 9 सितंबर को अपनी एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 एनपी 0475 से भिलाई से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान पुलगांव के पास स्वराज ट्रैक्टर शोरूम के नजदीक एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। प्रार्थी ने उसकी मदद करते हुए उसे अपनी एक्टिवा पर पीछे बैठा लिया।

सिलोदा पुल के पास दिया घटना को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, ग्राम सिलोदा पुल के पास पहुंचने पर पीछे बैठे व्यक्ति ने पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवाया। इसके बाद उसने अचानक प्रार्थी की जेब से लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल और 1,000 रुपये नकद निकाल लिए। प्रार्थी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला पकड़ लिया और उसे झाड़ियों की तरफ धक्का दे दिया। इसके बाद आरोपी एक्टिवा लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद प्रार्थी ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पूछताछ में अपराध कबूल करने का पुलिस का दावा

पुलिस टीम ने संदेही की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी अजय निषाद उर्फ पप्पू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत कार्रवाई करते हुए 19 सितंबर को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों को लिफ्ट देते समय सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

कार्रवाई में थाना पुलगांव एवं चौकी अंजोरा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Link : https://shricgnewscreator.com/accused-arrested-for-robbing-activa-mobile-phone-and-cash-after-strangling-the-victim-upon-giving-a-lift/

Share This Article