लगातार आपराधिक गतिविधियों और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद नहीं सुधरा आचरण, जिला दंडाधिकारी ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी किया आदेश
कुम्हारी, लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले आदतन अपराधी भीम सोनकर के खिलाफ दुर्ग पुलिस की अनुशंसा पर जिलाबदर की कार्रवाई की गई है। जिला दंडाधिकारी, दुर्ग ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(ख) के तहत आदेश जारी करते हुए भीम सोनकर को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला दुर्ग सहित सीमावर्ती छह जिलों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय भीम सोनकर निवासी गैंगखोली वार्ड क्रमांक 12, थाना कुम्हारी के खिलाफ वर्ष 2016 से 2024 के बीच थाना कुम्हारी में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन उसके आचरण में अपेक्षित सुधार नहीं आया।
पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भीम सोनकर के खिलाफ थाना कुम्हारी में वर्ष 2016 में अपराध क्रमांक 134/2016 के तहत धारा 294, 506(बी), 323, 327, 34 भादवि में मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2017 में अपराध क्रमांक 81/2017 में धारा 294, 506(बी), 323, 327, 34 भादवि तथा धारा 324 भादवि के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह वर्ष 2019 में अपराध क्रमांक 161/2019 में धारा 294, 506, 323, 34 भादवि, वर्ष 2021 में अपराध क्रमांक 199/2021 में धारा 294, 506, 323, 34 भादवि तथा वर्ष 2024 में अपराध क्रमांक 66/2024 में धारा 294, 506, 327, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
छह सीमावर्ती जिलों से भी बाहर रहना होगा
पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रकरण और उपलब्ध अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद जिला दंडाधिकारी ने जिलाबदर का आदेश जारी किया। आदेश के तहत भीम सोनकर को एक वर्ष तक जिला दुर्ग के साथ-साथ रायपुर, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी जिले की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने तैयार किया प्रकरण
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिलाबदर प्रकरण तैयार करने और आरोपी की आपराधिक गतिविधियों से संबंधित अभिलेखों को संकलित कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रस्तुत करने में थाना कुम्हारी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सक्रिय व आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहता है अथवा उसकी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति और सुरक्षा प्रभावित होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/habitual-criminal-bhim-sonkar-has-been-banished-from-the-district-for-one-year/








