कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते देने वाले 8 लोगों पर कार्रवाई

Editor
By Editor 2 Min Read

5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन, लाखों के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा; पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल जब्त

भिलाई, साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ खाताधारकों को चिन्हित किया है। इनमें नेवई थाना क्षेत्र के इंडसइंड बैंक के छह और छावनी थाना क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक के दो खाताधारक शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके लिए पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम एजेंटों के माध्यम से ठगों तक पहुंचाए जाते थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम जमा करने और दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। बैंक खातों के विश्लेषण में लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।

कार्रवाई में टोमन डहरे, अभय मिश्रा, हरीशंकर सारथी, चेतन मांझी, देवराज साहू, बिसेक शर्मा, अखिलेश सिंह और अक्षय सक्सेना शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

थाना नेवई और छावनी में दर्ज प्रकरणों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में दोनों थानों के साथ एसीसीयू दुर्ग की टीम शामिल रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन के लालच में किसी को अपना बैंक खाता या बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। साइबर ठगी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।

Link : https://shricgnewscreator.com/action-taken-against-8-individuals-who-provided-bank-accounts-to-cyber-fraudsters-in-exchange-for-a-commission/

Share This Article