यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, बिना हेलमेट और वैध लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने की दी समझाइश
दुर्ग, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 नवंबर को एनसीसी कैंप अंजोरा में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 500 एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। इसके अलावा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

अधिकारियों ने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से दूर रखने और सड़क पर हमेशा सतर्कता बरतने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता, परिजनों और मित्रों को भी जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं, ताकि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
Link : https://shricgnewscreator.com/500-cadets-were-briefed-on-traffic-rules-at-the-ncc-camp-in-anjora/








