साइबर सुरक्षा के साथ नशामुक्ति का संदेश, दुर्ग पुलिस ने चलाया संयुक्त जनजागरूकता अभियान

Editor
By Editor 4 Min Read

साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी जानकारी, ग्रामीणों को दिलाई नशामुक्त जीवन की शपथ

दुर्ग, साइबर अपराधों की रोकथाम और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत संयुक्त जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। 18 अगस्त को पुलिस लाइन दुर्ग स्थित प्रशासनिक भवन के दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करने के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। इसी कड़ी में कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों को व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने तथा अनजान लिंक से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया।

सेल्फी लेकर अभियान से जुड़े नागरिक

साइबर जागृति अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड और सेल्फी स्टैंड की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में नागरिकों ने सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके साथ ही लोगों को साइबर जागरूकता से जुड़े संदेश सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव बताए

कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ के छठे वर्ष में प्रवेश के अवसर पर भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई।

ब्रह्माकुमारी, बघेरा से पहुंचीं दीदी बीके जैतन्या प्रभा ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ‘मन के हारे हार, मन के जीते जीत’ का संदेश देते हुए नशा छोड़ने के लिए दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच अपनाने की बात कही।

नशे से दूर रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नागरिकों को परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने तथा स्वस्थ सामाजिक वातावरण के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बीके दिलेश्वरी, बीके जाकिर, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, उप पुलिस अधीक्षक लाइन दुर्ग, रक्षित निरीक्षक दुर्ग सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी और दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

दुर्ग पुलिस ने की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से साइबर जागृति अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधों से सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता बेहद जरूरी है।

Link : https://shricgnewscreator.com/message-on-de-addiction-alongside-cybersecurity-durg-police-launches-joint-public-awareness-campaign/

Share This Article