डीपीएस रिसाली के विद्यार्थियों को यातायात पुलिस ने कराया शैक्षणिक भ्रमण, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की दी जानकारी
दुर्ग, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को डीपीएस रिसाली के विद्यार्थियों को ट्रैफिक पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
ट्रैफिक पार्क में विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया। बच्चों को बताया गया कि सड़क पर चलते समय यातायात संकेतों का ध्यान रखना और निर्धारित नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्हें यह भी समझाया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना दुर्घटना के दौरान गंभीर चोटों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

यातायात पुलिस के जवानों ने विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की समझाइश दी। बच्चों को बताया गया कि थोड़ी सी लापरवाही न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।
बच्चों ने माता-पिता से की सुरक्षित सफर की अपील
कार्यक्रम का खास पहलू यह रहा कि बच्चों ने स्वयं यातायात जागरूकता की जिम्मेदारी संभालते हुए अपने माता-पिता, परिजनों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बच्चों ने संदेश दिया कि मम्मी-पापा, हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं, कार में सीट बेल्ट जरूर लगाएं, तेज रफ्तार से बचें और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें। सुरक्षित घर लौटें, क्योंकि हमें आपका इंतजार रहता है।

इस पहल के माध्यम से यातायात पुलिस ने बच्चों को सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनाने का प्रयास किया, ताकि वे सीखी गई बातों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचा सकें। पुलिस का मानना है कि बचपन से ही यातायात नियमों की जानकारी देने से बच्चों में जिम्मेदार नागरिक बनने की समझ विकसित होती है और परिवारों में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है। साथ ही तेज गति, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/children-learned-traffic-rules-at-the-traffic-park-and-conveyed-a-message-about-safe-travel-to-their-parents/








